जयपुर में 15-16 अगस्त को बदलेगा ट्रैफिक रूट: तीज सवारी और स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पार्किंग पर सख्ती

चौगान स्टेडियम में सुबह ध्वजारोहण तो शाम को निकलेगी तीज माता की सवारी, जानें कहां मिलेगी पार्किंग और कौनसे रास्ते रहेंगे बंद

Aug 15, 2026 - 07:23
Aug 15, 2026 - 07:26
 0
जयपुर में 15-16 अगस्त को बदलेगा ट्रैफिक रूट: तीज सवारी और स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पार्किंग पर सख्ती

अनन्य सोच। राजधानी में 15 और 16 अगस्त को एक साथ दो बड़े आयोजन होने जा रहे हैं - सुबह चौगान स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह और शाम को परकोटे में तीज माता की भव्य सवारी। दोनों आयोजनों के मद्देनजर जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है, जिसकी जानकारी हर आमजन के लिए जरूरी है।

दोपहर 12 बजे से ही किशनपोल बाजार, गणगौरी बाजार, चांदपोल बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार और जौहरी बाजार सहित चौगान स्टेडियम के आसपास सभी वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वहीं दोपहर 3 बजे के बाद त्रिपोलिया गेट से छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम और ताल कटोरा रोड पर भी पार्किंग बंद कर दी जाएगी।

शाम 6 बजे तीज माता की सवारी निकलने के दौरान पुराने पुलिस मुख्यालय के पीछे से जलेब चौक होते हुए सिटी पैलेस जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। आतिश मार्केट, सादुल सिंह की नाल और चीनी की बुर्ज की तरफ से आने वाले वाहन भी सिटी पैलेस नहीं जा सकेंगे। रामनिवास बाग चौराहा-न्यूगेट चौराहा से चौड़ा रास्ता होते हुए ट्रैफिक को त्रिपोलिया से बड़ी चौपड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

खास बात यह है कि VIP वाहन चौगान स्टेडियम के VIP गेट के सामने खड़े हो सकेंगे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं की बसें ताल कटोरा रोड पर पार्क होंगी। स्कूली बच्चों की बसें गणगौरी गेट से यू-टर्न लेकर रामनिवास बाग के अंदर पार्क की जाएंगी। आमजन के लिए चौगान स्टेडियम की अंडरग्राउंड/निगम पार्किंग खुली रहेगी।

एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को हर जगह निर्बाध आवागमन की छूट दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि लोग वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, ताकि दोनों आयोजन बिना किसी बाधा के सम्पन्न हो सकें।