गुलाबी नगरी में रंगों का उत्सव: ‘कारि 2026’ में सजी कला, भावनाएं और रचनात्मकता की अनूठी दुनिया

एमएनआईटी और एमआईटी-एडीटी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में 6 दिवसीय नेशनल क्रिएटिव आर्ट फेस्ट का भव्य आगाज

गुलाबी नगरी में रंगों का उत्सव: ‘कारि 2026’ में सजी कला, भावनाएं और रचनात्मकता की अनूठी दुनिया

अनन्य सोच। गुलाबीनगरी जयपुर में इन दिनों कला, रंग और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जेएलएन मार्ग स्थित MNIT Jaipur के वीएलटीसी सभागार में (Jaipur Art Festival) मंगलवार को 6 दिवसीय नेशनल क्रिएटिव आर्ट फेस्ट ‘कारि 2026’ (Kari 2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। एमएनआईटी और पुणे की एमआईटी-एडीटी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह फेस्ट कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

कैनवास पर उभरी प्रकृति, संवेदनाएं और सौंदर्य

(Creative Art Event) फेस्ट के दौरान कलाकारों की कूची ने विविध विषयों को जीवंत रूप दिया। कहीं प्रकृति के मनमोहक दृश्य उकेरे गए, तो कहीं मानव मन की पीड़ा और भावनाओं को गहरे रंगों में अभिव्यक्त किया गया। कुछ कलाकारों ने आसमान की अनंत छटा को कैनवास पर बिखेरा, वहीं कई चित्रकारों ने नारी के सौंदर्य, शक्ति और संवेदनशीलता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

लाइव डेमो और वर्कशॉप बने आकर्षण का केंद्र

नई शिक्षा नीति के तहत आयोजित इस फेस्ट में 35 से अधिक कलाकार लाइव पेंटिंग और अन्य कलाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। तीन दिनों तक अलग-अलग थीम पर सजीव चित्र बनाए जा रहे हैं। साथ ही 60 छात्र इन कलाकारों से कला की बारीकियां सीख रहे हैं। पेंटिंग वर्कशॉप के साथ हंसराज चित्र भूमि कुमावत द्वारा क्ले मॉडलिंग और प्रो. उत्तम जनवाड़े द्वारा लाइव पोर्ट्रेट ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ

प्रभा भवन स्थित दीक्षा सभागार में दीप प्रज्ज्वलन के साथ फेस्ट का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि पद्मश्री चित्रकार एस. शाकिर अली, अध्यक्षता प्रो. ए.बी. गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। प्रो. राजीव श्रृंगी ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला।

देशभर के कलाकारों ने बढ़ाई रौनक

फेस्ट में के.जी. कदम, तुषार पांखे, रघुनाथ शर्मा, युगल किशोर शर्मा, पुष्पा दुल्लार, दीपिका माली, रेखा अग्रवाल, अमन शर्मा और मेघा तिवारी सहित कई कलाकारों ने अपनी कला का सजीव प्रदर्शन किया। स्कल्पचर और क्ले आर्ट की डेमो क्लास ने युवाओं को नई सीख दी।

‘कारि 2026’ कला, नवाचार और सीख का एक जीवंत मंच बनकर उभर रहा है, जहां अनुभवी कलाकार और युवा प्रतिभाएं एक साथ सृजन का उत्सव मना रहे हैं।