जीरो टॉलरेंस पॉलिसी: CM भजनलाल शर्मा का बड़ा एक्शन, दो अधिकारी एक साथ सस्पेंड

लापरवाही और भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए राजस्थान सरकार ने राजसमंद के विकास अधिकारी और सीकर के तहसीलदार को किया सस्पेंड, जानिए पूरा मामला

Jun 26, 2026 - 12:24
Jun 26, 2026 - 12:25
 0
जीरो टॉलरेंस पॉलिसी: CM भजनलाल शर्मा का बड़ा एक्शन, दो अधिकारी एक साथ सस्पेंड

अनन्य सोच। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार लापरवाह, अनुशासनहीन और भ्रष्ट कार्मिकों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर सख्ती से अमल कर रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना में प्रशासन ने दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजसमंद जिले की पंचायत समिति भीम के विकास अधिकारी (BDO) कृष्ण मुरारी छालिया को सस्पेंड किया गया है। इसके साथ ही सीकर जिले के फतेहपुर तहसील में पदस्थापित तहसीलदार हितेश चौधरी के खिलाफ भी निलंबन आदेश जारी किए गए हैं। दोनों ही अधिकारियों पर कर्तव्यों में लापरवाही और अनियमितता बरतने के गंभीर आरोप हैं, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने यह कड़ा फैसला लिया।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन सुनिश्चित करने को लेकर बेहद गंभीर हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी कड़ी में बीते कुछ महीनों में कई जिलों में अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों मामलों में जनसुनवाई और शिकायतों के आधार पर जांच कराई गई थी, जिसमें कर्तव्यों के निर्वहन में कोताही और अनियमितता की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित विभागों ने निलंबन की कार्रवाई को अंतिम रूप दिया। सस्पेंशन की अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों को मुख्यालय से जोड़ा गया है और इनके खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी।

यह कार्रवाई राज्य के अन्य अधिकारियों के लिए भी एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में और भी अधिकारियों पर गाज गिर सकती है, क्योंकि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि कामकाज में लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बचाया जाएगा।