“पानी की हर बूंद की सुरक्षा: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गांव-गांव मजबूत हुई पेयजल व्यवस्था”
राज्यव्यापी विशेष अभियान में हजारों समस्याओं का मौके पर समाधान, हैंडपंप से लेकर पाइपलाइन तक दुरुस्त
अनन्य सोच। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत 18 एवं 19 अप्रैल को दो दिवसीय राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाकर जल जीवन मिशन, अमृत योजना और ग्रीष्मकालीन कंटीन्जेंसी कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस अभियान ने न सिर्फ व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर की, बल्कि मौके पर ही समाधान कर राहत भी पहुंचाई।
इस विशेष अभियान में जिला प्रशासन और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की संयुक्त टीमों ने गांव-गांव पहुंचकर जमीनी स्तर पर कार्यों की समीक्षा की। जिला कलक्टर, अतिरिक्त जिला कलक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारियों ने तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया।
अभियान के दौरान कुल 2677 कार्यों का निरीक्षण किया गया, जिनमें जल जीवन मिशन के 407, अमृत योजना के 80 और ग्रीष्मकालीन कंटीन्जेंसी के 77 कार्य शामिल रहे। इसके अलावा खराब हैंडपंप और क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की भी गहन जांच की गई।
तकनीकी कर्मचारियों और अभियंताओं की लगभग 450 टीमों ने 2792 शिकायतों को सूचीबद्ध किया, जिनमें से 2775 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इस दौरान 1535 हैंडपंपों की मरम्मत, 911 पाइपलाइन लीकेज का दुरुस्तीकरण और 329 अन्य सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
यह अभियान न केवल सरकारी सक्रियता का उदाहरण बना, बल्कि ग्रामीण जनता को यह भरोसा भी दिलाया कि उनकी मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए यह पहल लाखों लोगों के लिए राहत का सबब बनेगी और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।