UPSC प्री परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
जयपुर, अजमेर, जोधपुर और उदयपुर के 125 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा; सुरक्षा, यातायात और बिजली व्यवस्था पर विशेष फोकस
अनन्य सोच। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर राजस्थान सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आगामी 24 मई को होने वाली परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव V. Srinivas की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
125 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेेंगे हजारों अभ्यर्थी
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जयपुर, अजमेर, जोधपुर और उदयपुर जिलों में बनाए गए कुल 125 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। ऐसे में परिवहन और कानून-व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और हर स्थिति में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी को देखते हुए बिजली-पानी की विशेष व्यवस्था
प्रदेश में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों वाले क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं को भी पर्याप्त रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने पर जोर
मुख्य सचिव ने बैठक में मौजूद अधिकारियों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े जिला कलेक्टर्स को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुव्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। बैठक में Rajeev Kumar Sharma, Sachin Mittal सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।