9 घंटे में बदला रेलवे पुल, ट्रेनों पर पड़ा असर लिंक रेक की देरी से जयपुर-मुंबई सेंट्रल ट्रेन रीशेड्यूल, अजमेर मंडल ने रिकॉर्ड समय में तैयार किया नया पुल

May 17, 2026 - 23:10
 0
9 घंटे में बदला रेलवे पुल, ट्रेनों पर पड़ा असर लिंक रेक की देरी से जयपुर-मुंबई सेंट्रल ट्रेन रीशेड्यूल, अजमेर मंडल ने रिकॉर्ड समय में तैयार किया नया पुल

अनन्य सोच। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने इंजीनियरिंग दक्षता का परिचय देते हुए मारवाड़–आबू रोड रेलखंड पर स्थित पुराने रेलवे पुल को 9 घंटे से भी कम समय में हटाकर नया पुल तैयार कर दिया। तय समय सीमा में कार्य पूरा होने के बाद रेल यातायात को शीघ्र बहाल कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर लिंक रेक की देरी के कारण कुछ रेल सेवाएं प्रभावित रहीं और जयपुर-मुंबई सेंट्रल रेलसेवा को रीशेड्यूल करना पड़ा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी Amit Sudarshan ने बताया कि सुरक्षित रेल संचालन और आधुनिक रेल ढांचे के लिए पटरियों एवं पुलों का समय-समय पर रखरखाव आवश्यक होता है। इसी के तहत आउवा और भिंवालिया स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या 605 को बदलने का कार्य किया गया।

युद्ध स्तर पर चला निर्माण कार्य

रेलवे प्रशासन ने दोपहर 12:45 बजे ट्रैफिक ब्लॉक लेकर कार्य शुरू किया। इंजीनियरों और तकनीकी टीमों ने युद्ध स्तर पर काम करते हुए पुराने पुल को हटाया और 16 ब्लॉक सेगमेंट व 12 स्लैब लगाकर नया पुल तैयार किया। रात 9:30 बजे ब्लॉक समाप्त कर रेल मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

इस दौरान रेलवे ने कई अन्य अनुरक्षण कार्य भी पूरे किए। सुमेरपुर जवाई बांध स्टेशन पर 12 मीटर लंबे पैदल पुल के 10 गर्डर लगाए गए। साथ ही 2 डब्ल्यूसीएमएस क्रॉसिंग, 2 रेल और 1 एसईजे बदले गए। इसके अलावा 11 ग्लू जॉइंट का नवीनीकरण, 750 घन मीटर गिट्टी अनलोडिंग, 1200 मीटर शोल्डर गिट्टी सफाई, 380 मीटर डीप स्क्रीनिंग और 360 मीटर ट्रैक टैंपिंग का कार्य भी किया गया।

जयपुर-मुंबई सेंट्रल ट्रेन 3 घंटे देरी से रवाना

रेलवे अधिकारियों के अनुसार लिंक रेक की देरी के कारण जयपुर-मुंबई सेंट्रल रेलसेवा प्रभावित रही। 17 मई को यह ट्रेन जयपुर से अपने निर्धारित समय दोपहर 2 बजे के बजाय 3 घंटे की देरी से शाम 5 बजे रवाना होगी। रेलवे का कहना है कि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा के साथ सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।