खाटूश्यामजी में निर्जला एकादशी मेले की तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने थामी कमान, तीन दिन के लिए No-Vehicle Zone घोषित

सीकर कलेक्टर आशीष मोदी और एसपी प्रवीण नायक ने खाटूधाम पहुंचकर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया, अतिक्रमण हटाने और दुकानें सीज करने के दिए सख्त आदेश

Jun 24, 2026 - 08:02
Jun 24, 2026 - 08:06
 0
खाटूश्यामजी में निर्जला एकादशी मेले की तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने थामी कमान, तीन दिन के लिए No-Vehicle Zone घोषित

अनन्य सोच। निर्जला एकादशी मेले की तैयारियों को लेकर सीकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सीकर कलेक्टर आशीष मोदी और एसपी प्रवीण नायक बुधवार को खाटूधाम पहुंचे, जहां थाना परिसर में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मेले की समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के बाद कलेक्टर और एसपी ने श्याम मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग और निकास मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। नए निकास मार्ग पर तोड़े गए रास्ते का भी मौके पर जाकर अवलोकन किया गया। इसके अलावा दोनों अधिकारियों ने कबूतर चौक से राजू की चेन तक पैदल चलकर व्यवस्थाओं को परखा। प्रशासन ने प्रस्तावित नए रास्ते की जल्द मार्किंग करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सबसे अहम बात यह रही कि कलेक्टर ने अतिक्रमण को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि अतिक्रमण हटाने के बावजूद यदि कोई दोबारा कब्जा करता है, तो उसकी दुकान को सीज कर दिया जाएगा। इसके साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था और मेला क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, निर्जला एकादशी मेले की व्यवस्थाएं फाल्गुनी मेले की तर्ज पर ही रहेंगी। सुरक्षा की दृष्टि से एक बड़ा फैसला यह लिया गया है कि रींगस-खाटू मार्ग सहित संपूर्ण मंदिर क्षेत्र को तीन दिन के लिए नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा, जिससे लाखों श्रद्धालु बिना किसी बाधा के दर्शन कर सकें।

प्रशासन का दावा है कि इस बार मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।