नारद जयंती पर पत्रकारों का सम्मान: ‘देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान-2026’ से 70 से अधिक मीडियाकर्मी हुए गौरवान्वित
पंचमुखी हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन, संत-महंतों के सानिध्य में निष्पक्ष पत्रकारिता का हुआ सम्मान
अनन्य सोच। नारद जयंती के पावन अवसर पर शनिवार को दिल्ली रोड स्थित लक्ष्मण डूंगरी के पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राजस्थान के विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और डिजिटल मीडिया से जुड़े 70 से अधिक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों को प्रतिष्ठित ‘देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
यह आयोजन ठिकाना मंदिर गोविंददेवजी की कृपा, आर्ष संस्कृति दिग्ददर्शक ट्रस्ट एवं श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पंचमुखी हनुमान एवं महर्षि नारद की विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पत्रकार उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में त्रिवेणी धाम के खोजी द्वाराचार्य राम रिछपाल दास महाराज उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेस परिषद, नई दिल्ली के सदस्य बृजमोहन शर्मा ने शिरकत की। आयोजन सचिव पिंक सिटी प्रेस क्लब के डायरेक्टर महंत संतोष कुमार शर्मा तथा मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र सिंह शेखावत ने भी अपने विचार साझा किए।
सम्मानित होने वाले पत्रकारों में नवल पांडे, डॉ. मिथलेश जैमिनी, रोहित सोनी, जितेंद्र प्रधान, मतीश पारीक, नीरज मेहरा, निरंजन चौहान, कविता पंत, चंद्रप्रकाश, विनोद शर्मा, रिषपाल सिंह भारद्वाज, संजय कुमावत, दशरथ सिंह शेखावत, विजय केडिया, दिनेश शर्मा “टिक्कू”, जया गुप्ता, भूपेंद्र शर्मा, मुकेश जैन और दिनेश गौतम सहित अनेक नाम शामिल रहे।
राजनीतिक संवाददाता नीरज मेहरा को उत्कृष्ट टीवी पत्रकार सम्मान से नवाजा गया। वहीं, विशेष सम्मान श्रेणी में दिनेश शर्मा “टिक्कू” (टाइम्स नाउ नवभारत), कविता पंत एवं विनोद शर्मा (फर्स्ट इंडिया), जया गुप्ता (डीडी न्यूज़) सहित कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
सम्मान स्वरूप सभी पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट किए गए। मुख्य वक्ता जितेंद्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में देवऋषि नारद को प्रथम पत्रकार बताते हुए उनकी निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रहित की भावना को आज की पत्रकारिता के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर घाट के बालाजी के सुदर्शनाचार्य महाराज, पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत रामरज त्यागी महाराज, परकोटा गणेश मंदिर के महंत अमित शर्मा एवं विजय शंकर पांडे सहित कई संत-महंतों ने उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का आयोजन किया गया।