विधानसभा सत्र से पहले बड़ी हलचल, स्पीकर देवनानी ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, जानें क्या होगा एजेंडा
राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र शुरू होने से पहले सभी दलों को साधने की कवायद तेज। मुख्यमंत्री से लेकर नेता प्रतिपक्ष तक सभी बड़े चेहरे होंगे शामिल।
अनन्य सोच। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोलहवीं विधानसभा के षष्ठम सत्र से पहले बड़ा कदम उठाते हुए सर्वदलीय बैठक (All Party Meeting) बुलाई है। यह बैठक मंगलवार 18 अगस्त को सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में आयोजित होगी। बता दें कि सोलहवीं विधानसभा का छठा सत्र गुरुवार 20 अगस्त से शुरू होने जा रहा है, और स्पीकर देवनानी की अध्यक्षता में यह उनकी सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी।
सत्र को सुचारू चलाने की तैयारी
स्पीकर देवनानी ने साफ किया है कि विधानसभा सत्र (Assembly Session) को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए सर्वदलीय बैठक एक अहम कदम है। इस बैठक के जरिए सभी राजनीतिक दलों की सहमति बनाकर आगामी सत्र की रूपरेखा तय की जाएगी।
कौन-कौन होगा बैठक में शामिल?
बैठक में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष रफीक खान समेत विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार और थावरचंद को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। यानी सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ के प्रमुख चेहरे इस बैठक का हिस्सा बनेंगे।
सदन की गरिमा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी: देवनानी
स्पीकर देवनानी ने कहा कि विधानसभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा का पवित्र स्थल है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी दलों के विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है, जिससे सदन की कार्यवाही में सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित होती है।
आपसी विश्वास और सहयोग पर जोर
उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों से आपसी संवाद, विश्वास और सहयोग की भावना को बल मिलता है, जिससे विधानसभा जनअपेक्षाओं के अनुरूप अधिक प्रभावी और उत्तरदायी भूमिका निभा पाती है। स्पीकर ने विश्वास जताया कि यह बैठक आगामी सत्र को सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने में अहम साबित होगी।