राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष में होंगे चार भव्य राष्ट्रीय आयोजन

लोकतंत्र, महिला शक्ति, युवा ऊर्जा और विधायी परंपराओं को समर्पित रहेगा अमृत महोत्सव: देवनानी

May 19, 2026 - 16:50
May 19, 2026 - 16:53
 0
राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष में होंगे चार भव्य राष्ट्रीय आयोजन

अनन्य सोच। राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष को ऐतिहासिक और गौरवशाली बनाने के लिए आगामी एक वर्ष में चार बड़े राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अमृत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले ये समारोह लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं, महिला नेतृत्व और युवा शक्ति को समर्पित होंगे। कार्यक्रमों में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष सहित देश की शीर्ष संवैधानिक हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।

विधानसभा में मंगलवार को आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ राजस्थान शाखा की कार्यकारिणी समिति की बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई विधायक और विधानसभा अधिकारी मौजूद रहे।

पूर्व और वर्तमान विधायकों का होगा महासम्मेलन

अमृत महोत्सव का पहला कार्यक्रम जुलाई में आयोजित होगा, जिसमें राजस्थान की पहली से लेकर सोलहवीं विधानसभा तक के पूर्व और वर्तमान विधायकों का विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें लोकतंत्र की ऐतिहासिक यात्रा, उत्कृष्ट कानूनों, सामाजिक बदलावों और संसदीय परंपराओं पर चर्चा होगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और वरिष्ठ सदस्यों का विशेष सम्मान भी किया जाएगा।

महिला विधायकों को समर्पित होगा दूसरा आयोजन

अक्टूबर में प्रस्तावित दूसरा कार्यक्रम महिला नेतृत्व को समर्पित रहेगा। इसमें देशभर की महिला विधायक भाग लेंगी। कार्यक्रम में नीति निर्माण, प्रशासन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका, पूर्व महिला विधायकों के अनुभव और युवा महिला जनप्रतिनिधियों की आकांक्षाओं पर विशेष चर्चा होगी।

युवा संसद से जुड़ेगी नई पीढ़ी

अमृत महोत्सव के तहत युवाओं को लोकतंत्र और संविधान से जोड़ने के उद्देश्य से जनवरी में युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर संविधान जागरूकता प्रतियोगिताओं में चयनित छात्र इसमें भाग लेंगे। उन्हें संसदीय शिष्टाचार और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

अखिल भारतीय विधायी महाकुंभ से होगा समापन

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि अमृत महोत्सव का भव्य समापन राजस्थान दिवस 2027 पर आयोजित अखिल भारतीय विधायी महाकुंभ के साथ होगा। इसमें देशभर के विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और विधायी नेतृत्व शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय संसदीय लोकतंत्र की गौरवशाली परंपरा, नवाचार और जनविश्वास का राष्ट्रीय उत्सव बनेगा।