आज से सख्ती: बिना हेलमेट पकड़े गए तो कटेगा चालान!
राजस्थान पुलिस का 15 दिन का महा-अभियान आज से शुरू, चालक ही नहीं पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, स्पीड और वॉन्ग पार्किंग पर भी रहेगी नजर
अनन्य सोच अगर आप भी बिना हेलमेट के बाइक या स्कूटी चलाते हैं, तो सावधान हो जाइए। राजस्थान पुलिस आज यानी 2 जुलाई से एक ऐसा महा-अभियान शुरू करने जा रही है, जिसमें न सिर्फ चालक बल्कि पीछे बैठने वाले सहयात्री की भी जांच होगी। "राज्यव्यापी विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान" 2 जुलाई से 16 जुलाई तक पूरे 15 दिनों तक चलेगा और इस बार पुलिस की सख्ती ग्रामीण इलाकों पर खास तौर पर केंद्रित रहेगी।
2030 तक सड़क हादसों में 50% कमी का बड़ा लक्ष्य
यह अभियान महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल की देखरेख में चलाया जाएगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने इसके आदेश जारी करते हुए सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दरअसल, राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर को 50 प्रतिशत तक कम करने का बड़ा लक्ष्य तय किया है, और इसी दिशा में यह अभियान एक अहम कदम है।
ग्रामीण इलाकों में क्यों ज्यादा खतरा?
पुलिस के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में दुपहिया वाहन चालक और उनके सहयात्री अक्सर हेलमेट पहनने में लापरवाही बरतते हैं, जिसके चलते सिर में गंभीर चोट लगने से मौत या स्थायी विकलांगता के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यही वजह है कि इस बार अभियान की सुई खासतौर पर गांवों की ओर मोड़ी गई है।
"बिना हेलमेट नहीं सफर" बनेगा मुख्य संदेश
अभियान के दौरान सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं और स्वयंसेवी संगठन भी साथ मिलकर काम करेंगे। गांवों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और चौराहों पर नुक्कड़ नाटक, शपथ रैली और प्रचार वाहनों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। "बिना हेलमेट नहीं सफर" और "ISI मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन" जैसे स्लोगन सोशल मीडिया और सड़कों पर छाए नजर आएंगे।
सिर्फ हेलमेट नहीं, इन पर भी रहेगी कड़ी नजर
यह अभियान सिर्फ हेलमेट तक सीमित नहीं रहने वाला। पुलिस टीमें हाईवे और एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार, गलत पार्किंग और लेन सिस्टम तोड़ने वालों के खिलाफ भी रोजाना सख्त कार्रवाई करेंगी। खासतौर पर नेशनल हाईवे और 6-लेन एक्सप्रेसवे पर लेन अनुशासन तोड़ने वाले चालकों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे खुद हेलमेट पहनें और अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सुरक्षित राजस्थान का सपना साकार हो सके।