राजस्थान में दौड़ेंगे नए एक्सप्रेस-वे! डिप्टी CM दिया कुमारी ने 4938 करोड़ के मेगा प्लान को दी मंजूरी

कोटपुतली से भरतपुर तक बदलेगी सफर की तस्वीर, सड़क परियोजनाओं पर सरकार का बड़ा दांव

May 25, 2026 - 12:01
May 26, 2026 - 10:42
 0
राजस्थान में दौड़ेंगे नए एक्सप्रेस-वे! डिप्टी CM दिया कुमारी ने 4938 करोड़ के मेगा प्लान को दी मंजूरी

अनन्य सोच। राजस्थान में सड़क नेटवर्क को नई रफ्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री Diya Kumari ने राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (RSRDC) की 131वीं बोर्ड बैठक में लगभग 4 हजार 938 करोड़ रुपए के बड़े ऋण प्रस्ताव को मंजूरी देकर कई महत्वाकांक्षी एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी। माना जा रहा है कि यह फैसला आने वाले वर्षों में राजस्थान की कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास की तस्वीर बदल सकता है।

आरएसआरडीसी सभागार में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कोटपुतली–किशनगढ़ और ब्यावर–भरतपुर एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया। इन परियोजनाओं को प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर मिशनों में माना जा रहा है।

“सड़कें सिर्फ बनें नहीं, लोगों के काम भी आएं”

बैठक के दौरान दिया कुमारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क परियोजनाओं में केवल निर्माण नहीं, बल्कि उनकी उपयोगिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं तैयार हों जो आमजन, व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों के लिए वास्तव में लाभकारी साबित हों।

बैठक में नसीराबाद–सरवाड़–केकड़ी–देवली सड़क (SH-26) के अपग्रेडेशन और केकड़ी बाईपास निर्माण के लिए 460 करोड़ रुपए के ऋण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस परियोजना के तहत सड़क को 2 लेन से 4 लेन में बदला जाएगा, जिससे क्षेत्रीय यातायात को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

अचानक बढ़ाई गई मरम्मत राशि ने खींचा ध्यान

बैठक में गोटन–बिलाड़ा–पुण्डल सड़क की मरम्मत राशि को 17 करोड़ से बढ़ाकर 27.87 करोड़ रुपए करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इससे साफ संकेत मिले हैं कि सरकार सड़क गुणवत्ता को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहती।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 की बैलेंस शीट को अंतिम रूप देने सहित कुल 33 नियमित और 2 अतिरिक्त प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और आरएसआरडीसी के शीर्ष अधिकारियों ने भी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।