‘एंटी-वेनम’ का जोरदार वार: जयपुर रेंज में नशे के खिलाफ पहली ही कार्रवाई में 15 गिरफ्तार

नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार

Mar 17, 2026 - 09:56
Mar 18, 2026 - 07:41
 0
‘एंटी-वेनम’ का जोरदार वार: जयपुर रेंज में नशे के खिलाफ पहली ही कार्रवाई में 15 गिरफ्तार

Ananya soch: Anti Venom Campaign

अनन्य सोच। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए जयपुर रेंज पुलिस ने “एंटी-वेनम” विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान 15 मार्च से 31 मार्च 2026 तक रेंज के सभी जिलों में चलाया जा रहा है, जिसकी मॉनिटरिंग सीधे रेंज कार्यालय स्तर से की जा रही है। महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य नशे की तस्करी, खरीद-फरोख्त, सेवन और अवैध खेती में शामिल असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करना है। इसके लिए सभी जिलों में विशेष टीमें गठित कर प्रभावी रणनीति के साथ ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पहले ही दिन बड़ी सफलता

अभियान के पहले ही दिन जयपुर रेंज पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 मुकदमे दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई ने नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि अभियान आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे कर सकता है।

एंटी-वेनम अभियान: पहले दिन का रिपोर्ट कार्ड

कार्रवाई आंकड़े
दर्ज मुकदमे 15
गिरफ्तार आरोपी 15
बरामद स्मैक 547.67 ग्राम
बरामद गांजा 1884.84 ग्राम
बरामद डोडा पोस्त

1551 ग्राम

 लगातार जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

पुलिस के अनुसार “एंटी-वेनम” अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी, सेवन, खरीद-फरोख्त और अवैध खेती में शामिल अपराधियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। जयपुर रेंज पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशे के खिलाफ यह जंग अभी शुरू हुई है, और आने वाले दिनों में तस्करों पर और भी कड़ा शिकंजा कसने वाला है।