ऑपरेशन सिन्दूर पर हर भारतीय को गर्व, अब भारत देता है मुंहतोड़ जवाब: देवनानी
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में पहली वर्षगांठ पर हुआ आयोजन, एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन और समर्पण का संदेश
अनन्य सोच। ऑपरेशन सिन्दूर की पहली वर्षगांठ पर राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, अजमेर में आयोजित कार्यक्रम देशभक्ति और सैन्य गौरव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर पर हर भारतीय को गर्व है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम बन चुका है।
“नया भारत अब किसी से नहीं डरता”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर ने दुनिया को भारत की ताकत और रणनीतिक क्षमता का एहसास कराया है। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर दृढ़ता से खड़ा रहता है।
उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से अनुशासन, समर्पण, मर्यादा और प्रतिबद्धता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। देवनानी ने कहा कि युवाओं को यह समझना जरूरी है कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।
शहीदों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्कूल परिसर स्थित वॉर मेमोरियल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पीपिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स को नई रैंक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देवनानी ने कहा कि हर कैडेट को अपने जीवन में मर्यादा और जिम्मेदारी का पालन करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया।
बालिका सैनिक स्कूल की घोषणा पर गूंजा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान अजमेर जिले में बालिका सैनिक स्कूल खोले जाने की जानकारी मिलते ही एनसीसी कैडेट्स ने “भारत माता की जय” के नारों और तालियों से उत्साह व्यक्त किया। बताया गया कि हाथी खेड़ा क्षेत्र में तीन बीघा जमीन पर यह स्कूल स्थापित किया जाएगा, जिसकी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों, शिक्षकों और एनसीसी कैडेट्स की बड़ी संख्या मौजूद रही।